उरई। शहर कोतवाली क्षेत्र में सुबह करीब आठ बजे एक घर में तेज धमाके के साथ सिलिंडर फट गया। इस हादसे में घर का सामन जल गया। गनीमत रही कि सिलिंडर फटने से पहले घर में मौजूद लोग दौड़कर बाहर आ गए। हादसे से हड़कंप मच गया। बुजुर्ग महिला समेत चार लोग मामूली रूप से झुलस गए।
शहर कोतवाली क्षेत्र के वार्ड नंबर आठ के नया रामनगर निवासी रघुनाथ नामदेव की पत्नी जामवती (60) शनिवार की सुबह करीब आठ बजे चाय बना रही थीं। तभी अचानक रेग्युलेटर में आग लग गई। जामवती ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक आग पास में रखे सामान में लग गई। इस दौरान वह मामूली रूप से झुलस गई।
घर में ही मौजूद 10 वर्षीय नातिन तमन्ना भी आग की चपेट में आ गई। उनके शोर मचाने पर मौके पर पड़ोसी पहुंचे तो पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की। लेकिन आग नहीं बुझी और बढ़ती गई। सिलिंडर के अंदर पहुंचते ही कुछ ही देर में तेज धमाके के साथ सिलिंडर फट गया। जिससे हड़कंप मच गया। आग से पूरे घर का सामान जल गया।
आग की लपटें पड़ोस के एक घर तक भी पहुंच गई, जिससे घर का पर्दा जल गया। पड़ोसी का पुत्र वैभव सोनी (10) और केशव सोनी (5) भी इसमें झुलस गए। शहर कोतवाली प्रभारी का कहना है नुकसान और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। रघुनाथ ने बताया कि आग से उसका करीब चार लाख का नुकसान हुआ है।