बकायेदारी की वजह से बिजली विभाग ने माधौगढ़ व रामपुरा ब्लाक के आठ गांवों की बिजली काट दी है। इससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है। एसडीओ का कहना है कि सूचना के बाद भी बकायेदारी जमा नहीं कर रहे थे। इसलिए बिजली आपूर्ति बंद करा दी गई। उपभोक्ताओं का आरोप है कि बिजली अफसरों ने बिना सूचना के ही आपूर्ति बंद करा दी। आपूर्ति बहाल न की
गई तो वह प्रदर्शन करेंगे। बताते चलें कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर इस समय बिजली विभाग के अधिकारी बकाया जमा कराने में लगे हैं। कर्मचारियों की टीमें गांव-गांव जाकर बकाया बिल जमा करा रही हैं। कुछ लोग बार-बार आगाह करने के बाद भी बिजली तो जला रहे हैं लेकिन बिल नहीं जमा कर रहे। इसके चलते माधौगढ़ व रामपुरा ब्लाक के पड़कुला,
कुंडऊ, जैतपुरा, डिकौली, हिम्मतपुरा, कदमपुरा, लिटावली समेत आधा दर्जन गांवों की बिजली आपूर्ति फीडरों से बंद करा दी गई है। अचानक बत्ती गुल होने से ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीण माताप्रसाद, जितेंद्र, संतोष आदि का कहना है कि बिजली अफसरों ने बिना सूचना के बिजली काट दी है। इसके चलते लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली गुल
होने से पानी की समस्या खड़ी हो गई है। अगर बिजली चालू नहीं की गई तो वे प्रदर्शन करेंगे। वहीं,एसडीओ सत्येंद्र सिंह का कहना है कि बकायेदारी के चलते बिजली आपूर्ति बंद कराई गई है। बिल जमा न होने तक आपूर्ति बहाल नहीं की जाएगी।