कुठौंद। थाना पुलिस ने झपटमारी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके दो नाबालिग साथियों को अभिरक्षा में लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक चाकू, पीली धातु के कान के बाले, तीन मोबाइल और एक बाइक बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता फूलन देवी ने तहरीर देकर बताया था कि बाइक सवार तीन अज्ञात लोगों ने झपट्टा मारकर उनके कान के टॉप्स छीन लिए थे। मामले में कुठौंद थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। चेकिंग के दौरान पुलिस ने औरैया जिले के नारायणपुर कस्बा निवासी अभिजीत बाबू को गिरफ्तार किया। उसके दो नाबालिग साथियों को भी अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर प्राथमिकी दर्जकर कार्रवाई की है। थाना प्रभारी विजय कुमार पांडेय का कहना है कि मामले में कार्रवाई की जा रही है। (संवाद)