तुलसीधाम सभागार में रविवार को चित्रांश एकेडमी के द्वारा दादा-दादी दिवस एवं वार्षिकोत्सव का आयोजन किया गया। इसमें स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सबको मोह लिया।
आयोजन का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के सामने दीप प्रज्जवलन के साथ हुआ। कार्यक्रम मेें मुख्य अतिथि व कृभको के चेयरमैन व राज्यसभा सांसद चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ बच्चों को सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिस्सा लेना चाहिए।
इससे उनकी बुद्धि प्रखर होती है। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश निरंजन भैया जी ने बच्चों को अपने माता, पिता व दादा-दादी के बताए रास्ते पर चलने की प्रेरणा दी। दादा-दादी दिवस पर विद्यालय परिवार ने विद्यालय के 5 विद्यार्थियों के दादा-दादी को स्मृति चिह्न व शाल भेंट करके सम्मानित किया।
कार्यक्रम में तुषार तिवारी, प्रियांशु, सत्यम, आयुष, उमंग, आयुषी, रेशुल, सुमित, अनुष्का, हिरोशिमा आदि बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस मौके पर पूर्व विधायक संतराम सिंह सेंगर, पूर्व कस्टम कमिश्नर शंभूदयाल, लक्ष्मी देवी, हिमांशु आदि मौजूद रहे