जालौन। कदौरा थाना क्षेत्र के मरगांया में खेत से निकली हाईटेंशन लाइन में फाल्ट होने से तार टूट कर खेत मे खड़ी गेहूं की फसल में गिर गया। इससे वहां आग लग गई। लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी और आग बुझाने में जुट गए।
दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक किसान रानी कुशवाहा की एक बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। रानी व प्रधान उदयभान ने बिजली विभाग के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। कहा कि कई बार शिकायत के बावजूद तार ठीक नहीं कराए गए।
दूसरी घटना आटा थाना क्षेत्र के सुनहेटा निवासी किसान मंगल सिंह के साथ हुई। उसके खेत में कटी रखी गेहूं की फसल मंगलवार की देर रात जल गई। सूचना पर पहुुंचे दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। किसान ने गांव के ही चार लोगों पर फसल में आग लगाने का आरोप लगाते हुए थाना पुलिस को तहरीर दी है।