उरई (जालौन)। कोतवाली पुलिस ने शहर के सराफा कारोबारी पर एक किलो सोना और पचास किलो चांदी हड़पने का मुकदमा दर्ज किया है। सोना, चांदी हड़पने का आरोप सराफा कारोबारी के रिश्तेदार ने लगाया है। करीब 14 वर्ष पुराने मामले में दो साल पहले तत्कालीन एसपी की पहल पर पंचायत हुई थी लेकिन मामला नहीं निपटा। मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नया पटेल नगर निवासी श्रीराम सोनी पुत्र नाथूराम सोनी ने सराफा कारोबारी हरिहर सोनी के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी। इसमें उन्होंने बताया कि रिश्तेदार हरिहर की उरई सराफा बाजार में सोने-चांदी की दुकान है। आरोप लगाया कि 3 मार्च 2006 को हरिहर ने को 1 किलो सोना और 50 किलो चांदी दी थी। इसके एवज में हरिहर ने एक पर्ची श्रीराम को दी थी।
उन्होंने मुनाफा के एवज में प्रति छह माह में दो किलो चांदी और 50 ग्राम सोना देने की बात कही थी। किंतु पहली ही छमाही में हरिहर व दो अन्य ने मुनाफा का सोना, चांदी देने से मना कर दिया। 28 मई 2018 में तत्कालीन एएसपी से शिकायत पर पंचायत हुई, इसके बावजूद श्रीराम का सामान नहीं मिला। इंस्पेक्टर सुधाकर मिश्रा ने कहा कि हरिहर और उनके दो साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामला लेनदेन का हो सकता है, इसलिए जांच के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।
98 हजार लिए, तीन लाख चुकाए, अभी भी कर्जदार
कालपी (जालौन)। नगर के गल्ला व्यापारी ने साहूकार से 98 हजार कर्ज लिया था, किश्तों में करीब तीन लाख रुपये चुका है लेकिन साहूकार अभी भी कर्जदार बता परिवार को धमका रहा है। परेशान व्यापारी ने मंगलवार को सीओ आरपी सिंह से शिकायत की। उन्होंने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
कालपी के मोहल्ला इंद्रानगर निवासी सोम चंद्र शुक्ला की गल्ला मंडी गल्ले की कच्ची आढ़त थी। बताया कि उसरगांव के एक साहूकार से 98 हजार रुपये कर्ज लिया था। इसी बीच फालिज का शिकार हो गया। अभी चलने फिरने में लाचार है। इसके बावजूद हर माह 5 हजार रुपये दे रहे हैं।
अभी तक करीब 3 लाख रुपये दे चुके हैं लेकिन साहूकार देनदारी निकाल रहा है। वह आए दिन धमकी देता है। सीओ ने कोतवाल शिवगोपाल को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। वर्ष 2019 में कुठौंद थाना क्षेत्र के होटल संचालक ने शरीर पर सूदखोरों के नाम लिखकर आत्महत्या कर ली थी।