मकान बनवाने के लिए पैसे निकालकर वापस अपने गांव आ रहे एक बाइक सवार युवक को घायलकर बाइक सवार बदमाशाें ने करीब साढ़े तीन लाख रुपये लूट लिए। सूचना पाकर जालौन पुलिस मौके पर पहुंची और बेहोश युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस का कहना है कि युवक पर पहले से ही कर्ज है। इससे बचने के लिए अपने साथ लूट की
साजिश रच रहा है। जांच में पाया गया कि वह जिस बाइक से था वह दो घंटे पहले ही मांगकर ले आया था। जालौन कोतवाली के गांव हरकौती निवासी मनोज कुमार (36) ने जिला अस्पताल में बताया कि वह मंगलवार को अपनी रिश्तेदारी में रामपुरा गया था। यहां से उसने मकान बनवाने के लिए रिश्तेदार के किसान क्रेडिट कार्ड से 3 लाख 68 हजार रुपये
निकलवाए और बाइक से अपने गांव लौट पड़ा। मंगलवार की रात करीब आठ बजे जब वह जालौन कोतवाली के सहाव मोड़ पर पहुंचा तो पीछे से एक बाइक पर सवार तीन लुटेराें ने उसको ओवरटेक कर तमंचा दिखाकर रुकने को कहा। मनोज ने बाइक नहीं रोकी। इस पर एक बदमाश ने उसके सिर पर डंडा मार दिया। इससे वह बाइक समेत सड़क पर गिरकर गंभीर
रूप से घायल और अचेत हो गया। सूचना पाकर कोतवाल जेपी यादव मौके पर पहुंचे और देर रात घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं कोतवाल का कहना है कि पूरा मामला
ही संदिग्ध है। युवक गांव में कई लोगाें से रुपये उधार लिए है। इससे बचने के लिए वह लूट का नाटक कर रहा है। उसने जिसकी बाइक मांगी थी उसने बताया कि वारदात से दो घंटे पहले ही वह बाइक मांगकर ले गया है। ऐसे में उसने पैसे कैसे निकाल लिए। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। खबर लिखे जाने तक पीेेड़ित ने कोई तहरीर नहीं दी थी।