नदीगांव थाना क्षेत्र के गांव सधूपुरा निवासी अजय कुमार की पत्नी रीनू (38) गुरुवार रात 8 बजे घर में आग से जल गई। जलन होने पर वह आग का गोला बन चीखती चिल्लाती हुई घर के बाहर भागी। पड़ोसियों व परिजनों ने महिला को जलता देख आग बुझाई और उसे सीएचसी ले गए। हालत नाजुक होने पर डाक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल आ रहे थे तभी उसने रास्ते में दम तोड़ दिया।
अस्पताल पहुंचने पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेेज दिया। वहीं मृतका रीनू के मायके भदेवरा से आए पिता रामप्रकाश ने पुलिस को बताया कि रीनू की शादी वर्ष 1998 में हुई थी। पति अजय दिल्ली में मजदूरी करता है और तीन दिन पहले वह दिल्ली से आया था। उसके एक पुत्री पल्लवी (12) व पुत्र हर्ष (6) है। वहीं पिता ने ससुरालियों पर उसकी बेटी को मिट्टी का तेल डालकर जलाकर मारने का आरोप लगाया। थानाध्यक्ष का कहना है कि मामले की अभी जांच की जा रही है।