कदौरा थाना क्षेत्र के ग्राम अंबेडकर नगर निवासी बाबादीन पुत्र दुर्गाप्रसाद शुक्रवार को आटा के भदरेखी गांव स्थित ससुराल से पत्नी पुष्पा देवी को लेने आया था। यहां पर किसी बात पर दोनों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते बाबादीन ने पुष्पा के साथ मारपीट कर दी। पुष्पा ने विरोध किया तो तैश में आकर बाबादीन ने लोहे की रॉड उसके सिर पर मारकर लहूलुहान कर दिया। यह देख बाबादीन का साला सुरेंद्र अपनी बहन को बचाने के लिए आ गया।
इस पर बाबादीन ने उसके साथ भी मारपीट कर दी। ससुरालियों के इकट्ठा होने पर बाबादीन पुष्पा को जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकला। परिजन पुष्पा को लेकर तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा, वहां पर भर्ती कर लिया गया। वहीं सुरेंद्र ने थाने पहुंच कर जीजा के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर बाबादीन के खिलाफ हत्या का प्रयास करने की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।