घटना स्थल पर पहुंची पुलिस। अमर उजाला
- फोटो : amar ujala
पिरौना गांव के पास नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़े दिव्यांग अध्यापक को रौंद दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने ट्रक के चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एट थाना क्षेत्र के पिरौना निवासी वीर सिंह (40) पुत्र मंशाराम गांव के ही किड्स कार्नर पब्लिक स्कूल में पढ़ाने हैं। इसके अलावा खेती भी करते थे। वह एक पैर से दिव्यांग थे। बुधवार को वीर सिंह खेत पर फसल की रखवाली कर रहे थे। इसी बीच अचानक एक गाय उनके खेत में जा घुसी। उनकी नजर जब गाय पर पड़ी तो वे उसे भगाने के लिए दौड़ पड़े। वह गाय को भगाते हुए उसके पीछे हाईवे तक जा पहुंचे।
वह हाईवे पर सड़क किनारे खड़े हो गए। इसी बीच कानपुर से झांसी की तरफ जा रहा एक तेज रफ्तार ट्रक उन्हें रौंदते हुए निकल गया। राहगीरों ने ट्रक को घेर कर चालक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। साथ ही राहगीर दौड़कर वीर सिंह के पास पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। राहगीरों की सूचना पर पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वीर सिंह गांव में अपनी पत्नी व पांच वर्षीय बेटी के साथ रहते थे। उनके मौत की खबर सुनते ही पत्नी बेसुध हो गई। गांव की महिलाओं ने किसी तरह उन्हें संभाला। पुलिस ने ट्रक को थाने में खड़ा कराकर चालक को हवालात में बंद कर दिया है।