हरियाणा से टॉफी लादकर औरैया जा रहे ट्रक को सवारी बनकर बैठे बदमाशों ने लूट लिया। बदमाशों ने औरैया सीमा के पास ट्रक को कब्जे में लेने के बाद ट्रक चालक और खलासी को बंधक बनाया और उन्हें कानपुर देहात के मूसानगर के पास फेंक कर फरार हो गए। जाते-जाते बदमाश चालक के पास से नगदी भी लूट ले गए।
पीड़ित चालक, खलासी किसी तरह भोगनीपुर पहुंचे। वहां एक ट्रक चालक ने बताया कि उनका ट्रक उरई की ओर गया है। इस पर पीड़ित कोतवाली उरई पहुंचे और कोतवाल सतेंद्र सिंह राठौर को आपबीती बताई। पुलिस ने निल रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हरियाणा के गांव भिवानी निवासी ट्रक चालक राजेंद्र सिंह ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी कि खलासी संदीप के साथ हरियाणा की एक फैक्ट्री से टॉफी लादकर औरैया जा रहा था। रविवार रात तकरीबन 11 बजे जब वह कुठौंद थाना क्षेत्र के गांव शंकरपुर के पास पहुंचा तो वहां चार युवक खड़े दिखाई दिए।
उन्होंने ट्रक को रुकने का इशारा किया। उसके ट्रक रोकने पर बोले कि वे भी ट्रक चलाते है, उनका ट्रक खराब हो गया है, औरैया से मिस्त्री लाना है। इस पर उन्हें ट्रक में बिठा लिया। जैसे ही ट्रक औरैया की सीमा के पास पहुंचा तो चारों ने तमंचे निकाल लिए और ट्रक रोकने को कहा।
उसके ट्रक रोकते ही बदमाशों ने उसके और खलासी के मुंह में कपड़ा ठूंसकर बंधक बना लिया। एक बदमाश ने ट्रक की स्टीयरिंग संभाली और कानपुर देहात की तरफ ले भागा। बदमाश ट्रक को कानपुर देहात के मूसानगर के पास ले गए। वहां उसे व खलासी संदीप को पीटकर खेत में फेंक दिया।
इस दौरान जेब में पड़े दस हजार रुपये व मोबाइल भी लूट लिया। बदमाशों के ट्रक लेकर भाग जाने के बाद किसी तरह दोनों भोगनीपुर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को आपबीती बताई। वहां की पुलिस ने उन्हें मामला दूसरे जिले का होने की बात कहकर चलता कर दिया।
भोगनीपुर में ही एक साथी ट्रक चालक जो उरई की ओर जा रहा था, ने बताया कि उसका लूटा गया ट्रक उरई की ओर देखा गया है। इस पर वह कोतवाली उरई आया और कोतवाल सतेंद्र सिंह को आपबीती सुनाकर तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित ट्रक चालक की तहरीर पर उरई कोतवाली में निल पर रिपोर्ट दर्जकर ली गई है। चालक राजेंद्र को साथ लेकर पुलिस टीम को मौके पर भेजा जा रहा है। मामला जिस थाना क्षेत्र का होगा, उसी को विवेचना भेज दी जाएगी।-सतेंद्र सिंह कोतवाल उरई