कालपी पुलिस ने उरई से कानपुर की ओर जा रहे मवेशी लदे ट्रक को जोल्हूपुर के पास पकड़ लिया। इस दौरान ट्रक चालक व मवेशी तस्कर फरार हो गए। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। पुलिस के अनुसार ट्रक में 20 मवेशी लदे थे। अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
कालपी कोतवाली पुलिस मंगलवार की दोपहर करीब दो बजे हाइवे पर गश्त कर रही थी। हाइवे स्थित जोल्हूपुर मोड़ के पास पुलिस ने उरई की ओर से आ रहे ट्रक को रोकना चाहा तो चालक ने स्पीड बढ़ा दी। इसकी सूचना वायरलेस पर प्रसारित होते ही कोतवाली पुलिस ने यमुना पुल पर बैरियर लगवा दिया। यह देख ट्रक चालक व मवेशी तस्कर यमुना पुल से कुछ दूरी पर ट्रक छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने उसे कब्जे में ले लिया। मवेशियों को ग्रामीणों की सुपुर्दगी में दे दिया गया है।