पोस्टमार्टम हाउस के बाहर बैठे परिजन।
- फोटो : amar ujala
जालौन कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पहाड़पुरा निवासी देशराज (38) पुत्र तेजराम वर्मा गुरुवार की देर शाम बाइक से गांव के ही हरीशंकर (30) पुत्र रामेश्वर दयाल वर्मा एवं चंद्रकुमार (40) पुत्र रामसहाय निवासी ग्राम कुसमिलिया थाना डकोर के साथ बाइक से उरई शादी समारोह में शामिल होने आ रहे थे। वह लोग जैसे ही उरई कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बोहदपुरा के पास पहुंचे, तभी अचानक पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। हादसा होते ही वहां हड़कंप मच गया। आसपास मौजूद राहगीर और ग्रामीण दौड़ पड़े।
लोगों को आता देखकर चालक ट्रक लेकर भागने लगा। राहगीरों ने ट्रक को चालक समेत पकड़ लिया। राहगीर जब बाइक सवारों के पास पहुंचे तो देशराज व हरीशंकर की मौत हो चुकी थी, जबकि चंद्रकुमार गंभीर हालत में घायल पड़े थे। राहगीरों ने सूचना पुलिस को दी। जानकारी पर मौके पर पहुंची और घायल को निजी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सक ने उसे मेडिकल कालेज झांसी रेफर कर दिया। उधर, पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर ट्रक कब्जे में लेते हुए फैक्ट्री एरिया चौकी में खड़ा करा दिया है। पुलिस चालक के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।