पारिवारिक कलह व आर्थिक तंगी से जूझ रहे तीन युवकाें ने अलग-अलग स्थानाें पर फंदा कस लिया। इससे दो युवकाें की मौके पर मौत हो गई। तीसरे की हालत गंभीर होने पर डाक्टर ने उसे मेडिकल कालेज झांसी रेफर कर दिया।
मुहल्ला बजरिया चूड़ी वाली गली में जीशान(25) निवासी इटावा अपने मामा मुमताज के यहां रहकर फर्नीचर का काम करता था। उसके ऊपर परिवार की जिम्मेदारी थी। काम धंधा ठीक न चलने के कारण वह परेशान रहने लगा। यह बात उसने अपने मामू को भी बताई। मामू ने उसे सब ठीक होने की दिलासा दिलाई लेकिन सोमवार की रात उसने अपने कमरे में लगे हुक से फांसी का फंदा बनाकर गले में कसकर जान दे दी।
सूचना पाकर कोतवाल संजय गुप्ता मौके पर पहुंचे और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उन्हाेंने बताया कि युवक परेशान था। जालौन कोतवाली के मुहल्ला रामगंज निवासी किशन साहू(45) पुत्र पन्ना लाल पारिवारिक कलह से परेशान था। उसने मंगलवार की सुबह करीब आठ बजे अपने कमरे में लगे हुक से फंदा बनाकर जान देने का प्रयास किया। तभी परिजनाें ने देख लिया और उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां से डाक्टर ने उसे मेडिकल कालेज झांसी रेफर कर दिया।
इसी तरह कोटरा थाना के गांव ऐंधा निवासी बुद्ध सिंह(35) पुत्र लक्ष्मण दास ने सोमवार की देर रात पत्नी से झगड़ा होने पर गले में फंदा कस लिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पाक र मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक दंपति के बीच आर्थिक तंगी को लेकर अनबन रहती थी।