आटा। कस्बा आटा में दिनदहाड़े किसान के घर चोरों ने धावा बोल दिया। चोर घर के दरवाजे पर लगा ताला तोड़ कर कमरे में रखे बक्से से जेवरात व नगदी चोरी कर ले गए। किसान खेत गया था, जबकि उसकी पत्नी मजदूरी करने गई थी। किसान ने थाने में चोरी की तहरीर दे दी है।
कस्बा आटा निवासी मंगी पुत्र मटोले मंगलवार की सुबह खेत पर काम करने गया था। उसकी पत्नी गांव में मजदूरी करने गई थी। दोपहर करीब 12 बजे उसके घर पर चोरों ने धावा बोल दिया। चोरों ने घर के दरवाजे पर पड़ा ताला तोड़कर अंदर घुस गए। कमरे में जाकर वहां रखे बक्से में रखे जेवरात व नगदी चोरी कर भाग निकले। पड़ोसियों ने जब घर दरवाजा के ताला टूटा देखा तो उन्होंने मंगी को इसकी सूचना दी। मंगी घर पहुंचा तो सामान बिखरा था। उधर, उसकी पत्नी भी घर पहुंची तो बक्से से रुपये व जेवर नदारद देखकर रोने लगी। उसने बताया कि चोर बक्से में रखे 25 हजार रुपये और एक सोने का मंगलसूत्र, चांदी की चूड़ियां, एक जोड़ी तोड़ियां चोरी कर ले गए है। दिनदहाड़े हुई चोरी से कस्बे में दहशत व्याप्त है। साथ ही लोगों में नाराजगी पनप रही है। मंगी ने थाने पहुंच कर घर में हुई चोरी की तहरीर दी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।