खुद को चौकी इंचार्ज शंभूगंज का बेटा बताकर प्रतापगढ़ से बुक कराकर र्लाई कार को बदमाश ने तमंचे के बल पर लूट लिया। सूचना के बाद पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी की, लेकिन बदमाश का कोई सुराग नहीं लगा। पीड़ित ने घटना की तहरीर कोतवाली में दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्रतापगढ़ जिले के दहिलामऊ गाय घाट रोड निवासी मोहम्मद जमील के पास कार संख्या-यूपी 72 एजे 0487 है। मंगलवार को जमील ने प्रतापगढ़ शहर के अजीत नगर मोहल्ले में अपनी कार खड़ी की थी। अपराह्न करीब सवा बारह बजे करीब 35 वर्षीय एक युवक उनके पास पहुंचा।
युवक ने अपने को स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के शंभूगंज पुलिस चौकी प्रभारी अमरेंद्र सिंह का बेटा बताते हुए कहा कि पापा से मिलने चलना है। 1400 रुपये में कार बुक करके वह युवक शंभूगंज चौकी पहुंचा। चालक से उसने कहा कि पापा चौकी के भीतर हैं। जाकर पैसा ले आओ।
चालक ने सजगता दिखाते हुए वाहन बंद कर दिया और चाबी निकालने की कोशिश की तो युवक ने उससे गाड़ी स्टार्ट रहने को कहा। इस पर चालक/मालिक जमील ने ऐसा करने से मना कर दिया तो युवक ने बहाने से उसे कस्बे की ओर मोड़ दिया।
लंभुआ-दुर्गापुर मार्ग से वाहन को वाया जगन्नाथपुर के रास्ते युवक हाईवे पर पहुंच गया। कोतवाली से चंद कदम की दूरी पर उसने असलहा निकाल लिया और चालक को गाली देते हुए जान से मारने की धमकी दी। घबराए चालक का फोन और गाड़ी के कागजात छीनकर बदमाश ने उसे सड़क पर फेंक दिया और कार लेकर चंपत हो गया।
पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। इंस्पेक्टर धर्मराज उपाध्याय ने बताया कि बदमाश और गाड़ी की बरामदगी के लिए घेराबंदी की गई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। तहरीर मिली है। केस दर्ज किया जाएगा।