चोरी के बाद सामान देखता गृहस्वामी।
- फोटो : amar ujala
कोंच कोतवाली क्षेत्र के नया पटेल नगर स्थित रामकुंड कालोनी के पास मोहित परिहार पुत्र मूलचंद्र निवासी विरगुंवा भगवानदास साहू के मकान में किराए पर रहता है। वह कोंच ब्लाक में आरईएस के जेई विजय बहादुर के साथ रहता है, इसलिए क्षेत्रीय लोग उसे भी जेई कहते हैं। शुक्रवार की रात चोर उसके घर में घुसे, तब मोहित, उसकी पत्नी मीनू व बच्चे खाना खाकर सो रहे थे। चोरों ने उस कमरे की दोनों तरफ दरवाजों की कुंडी लगा दी।
इसके बाद अन्य कमरों के ताले तोड़कर बक्से में रखे तीन सोने के हार, मनचली, सोने की अंगूठी, झुमकी, तीन जोड़ी पायल, बिछिया, बच्चों की हाय, ताबीज, हाथों पैरों के चूड़ा व 25 हजार रुपये सहित लगभग 4 लाख का सामान चोरी कर लिया। सुबह जब घर के लोग जागे तो बाहर से कुंडी बंद देख उन्होंने आवाज लगाई। जब किसी ने नहीं सुना तो उन्होंने पड़ोसियों को फोन किया। इसके बाद पड़ोसियों ने कुंडी खोलकर उन्हें बाहर निकाला। कमरों के ताले टूटे व फैला सामान देखकर उन्हें चोरी हो जाने का पता चला तो कोतवाली पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने जांच पड़ताल की।