कदौरा थाना क्षेत्र का गांव खुटमिली मजरा हमीरपुर जिले की सीमा पर बसा है। इस गांव का आधा क्षेत्रफल कदौरा तो आधा हमीरपुर के कुरारा थाना क्षेत्र में आता है। रविवार रात इस गांव में चोरों ने धावा बोला। चोर सबसे पहले गांव के हरिप्रसाद पुत्र मुल्लू के घर पहुंचे और पीछे की दीवार से छत के रास्ते घर में दाखिल हो गए। घर के लोग गहरी नींद में थे। चोरों ने एक कमरे में जाकर बक्से का ताला तोड़ 40 हजार रुपये नगद व चांदी के आभूषण समेत करीब एक लाख रुपये का माल पार कर दिया।
इसके बाद चोर हरिप्रसाद के छत की दीवार फांद कर पड़ोसी रामखिलावन के घर जा पहुंचे। यहां से चोर 5 हजार रुपये नगद सहित करीब 50 हजार रुपये कीमत का सामान चोरी कर ले गए। इनकी छत फांद कर चोर महावीर के घर जा पहुंचे, जहां से 30 हजार रुपये नगद, बक्से व अन्य सामान बटोर ले गए। इसके बाद चोर खुशहाली बसोर के घर पहुंचे और टीवी, अनाज 3 हजार रुपये नगद व बर्तन समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए। सुबह जब घरवालों की आंखें खुलीं तो घरों में सामान बिखरा देख होश उड़ गए।
घरों में चोरी की खबर से गांव में हड़कंप मच गया। जिन घरों में चोरियां हुईं उनमें से दो घर कदौरा थाना व तीन घर कुरारा थाना क्षेत्र में पड़ते है। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी पाकर कदौरा व कुरारा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने अपने-अपने क्षेत्र से लगे घरों में जांच पड़ताल की। पीड़ितों ने पुलिस को चोरी की तहरीर दे दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।