उरई (जालौन)। डीजीपी जावीद अहमद ने कहा कि किसी को भी सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने नहीं दिया जाएगा। चुनावी वर्ष में इस पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। पुलिस ऐसे तत्वों को जेल भेजेगी। पुलिस ऐसे अवांछनीय तत्वों पर नजर भी रख रही है ताकि सांप्रदायिक माहौल न बिगड़ने पाए। वह गुरुवार को मंडलीय अपराध समीक्षा बैठक में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड सूखे की चपेट में है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में कानून व्यवस्था बनाए रखने की भी चुनौती है। पुलिसकर्मी इसे प्राथमिकता पर रखें। डीजीपी ने कहा कि पिछले कुछ महीनों से इंटेलिजेंस एजेंसियों की ओर से सूचनाएं दी जा रही हैं कि प्रदेश में सांप्रदायिक माहौल खराब करने के लिए षड्यंत्र रचा जा रहा है। इसे लेकर पुलिस मुस्तैद है। इंटेलिजेंस एजेंसियों को अवांछनीय तत्वों की निगरानी के लिए लगा दिया गया है।
डीजीपी जावीद अहमद ने कहा कि प्रदेश में शांति व अमन से लोग रहें, यही पुलिस की मंशा है। इससे खिलवाड़ करने वालाें को बक्शा नहीं जाएगा। यूपी के युवकों के आईएस में शामिल होने के सवाल पर डीजीपी ने कहा कि अभी अखबाराें के माध्यम से उनको जानकारी मिली है, वह इसकी जांच करवा रहे हैं। अगर ऐसा पाया जाता है तो उनके परिजनाें व मददगाराें के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने झांसी, जालौन व ललितपुर आदि जिले में कानून व्यवस्था पर संतोष जाहिर किया। कहा कि जुआ, सट्टा व रोड होल्डअप की वारदातें रोकने के लिए प्रदेश भर में अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान डीजीपी कानून व्यवस्था दलजीत चौधरी, डीएम संदीप कौर, डीआईजी झांसी, एसपी जालौन बबलू कुमार, एसपी झांसी मनोज तिवारी व एसपी ललितपुर सहित अन्य पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
सौ नंबर डायल करें, दस मिनट में पहुंचेगी पुलिस
उरई (जालौन) प्रमुख सचिव गृह देवाशीष पंडा व डीजीपी जावीद अहमद ने बताया कि यूपी पुलिस को हाईटेक बनाने के लिए सूबे की सरकार जुटी है। इसका खाका तैयार किया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि अब पुलिस कंट्रोल रूम किसी भी तरह की सूचना आने पर शहरी क्षेत्र में दस और देहात क्षेत्र में 20 मिनट में पहुंचकर लोगाें की समस्या सुनकर उनका निदान करेगा। इसके लिए हर थाना व कोतवाली पुलिस को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्हाेंने बताया कि कंट्रोल रूम में हर फोन रिकार्ड किया जाएगा। इसमें हीलाहवाली करने वाले पुलिसकर्मियाें को दंडित किया जाएगा। उन्हाेंने बताया कि पुलिसकर्मियाें की मांगों के अनुरूप उनके रहने के लिए आवास तैयार किए जा रहे हैं।
महिला पावर हेल्पलाइन पर शीघ्र होगी कार्रवाई
उरई (जालौन)। प्रमुख सचिव गृह व डीजीपी ने कहा कि सरकार ने 1090 महिला पावर हेल्पलाइन सेवा शुरू की है। उसके सार्थक परिणाम आ रहे हैं। इसमें खास बात यह है कि महिला का नाम गोपनीय रखा जाता है। उसकी शिकायत का त्वरित निस्तारण किया जाता है। इससे प्रदेश भर में सार्थक परिणाम मिले हैं। महिलाएं अपने आप को यूपी में सुरक्षित महसूस कर रही हैं।
आंकड़ों पर न जाएं, रिपोर्ट दर्ज करें
उरई (जालौन)। डीजीपी जावीद अहमद ने कहा कि पुलिस यह न सोचे कि अपराध के आंकडे़ बढ़ रहे हैं। वह आरोपियाें व अपराधियों के खिलाफ समुचित धाराआें में रिपोर्ट दर्जकर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करे। इससे अपराध में कमी आएगी और पुलिस के खौफ से अपराधी अपराध नहीं कर पाएंगे।
दो स्पेशल साइबर थानों का गठन
उरई (जालौन)। डीजीपी जावीद अहमद ने बताया कि लखनऊ व नोएडा में स्पेशल थानाें का गठन किया जा रहा है जो साइबर अपराधियाें की नकेल कसेगी। इन दिनाें बैंकिंग अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। इसे रोकना हमारी प्राथमिकता है। इसके लिए तैयारी पूरी कर ली गई है। उन्होंने लोगों के जागरूक होने पर भी बल दिया। कहा, लालच में न आएं और कोई काल आने पर इसकी जानकारी नजदीकी पुलिस क्रें द को दें।
चप्पे-चप्पे पर तैनात रही पुलिस
उरई (जालौन)। प्रमुख सचिव गृह व डीजीपी की बैठक को देखते हुए एसपी बबलू कुमार ने विकास भवन को किले में तब्दील कर दिया था। शहर के हर चौराहे पर पुलिस ने बैरीकेटिंग लगा रखी थी। जिला परिषद के पास केवल दो पहिया वाहन जाने की इजाजत थी। विकास भवन के आसपास भारी संख्या में पुलिस बल तैनात था।
हेलमेट लगाओ मुहिम चलेगी
उरई (जालौन)। जालौन एसपी के कार्यों से खुश होकर डीजीपी ने उनकी सराहना की। कहा कि वही पुलिस अधिकारी बेहतर होता है जो सीमित संसाधनाें में अच्छे काम करे। उन्हाेंने कहा कि हूटर हटाने व बाइक सवाराें को हेलमेट पहनने की जो मुहिम एसपी ने जिले में छेड़ी है, उसे प्रदेश के अन्य जिलाें में भी चलाया जाएगा।