कदौरा थाना क्षेत्र के गांव मुहारी के जंगल में करीब सवा सौ गायों की हत्या
कर उनका मांस बंचने के मुख्य आरोपी समेत दो को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से
दो चाकू बरामद किए गए हैं। एसपी ने बताया कि आरोपियाें के खिलाफ रासुका की
कार्रवाई की जाएगी।
एसपी एन. कोलांचि ने पत्रकारों को बताया कि 22
जनवरी को कदौरा थाना क्षेत्र के गांव मोहारी में अज्ञात आरोपियों ने गायों
की हत्या कर उनका मांस बेच दिया। इस मामले में कदौरा थाना में अज्ञात
आरोपियों के खिलाफ गोवध अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई थी। इस पूरे
मामले में आरोपी हकीम, राशिद, सगीर, बसीम निवासी गांव गुलौली व इसरार खां
निवासी देवराहट कानपुर देहात को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
इस मामले का मास्टर माइंड फरार था। रविवार की देर रात कदौरा थानाध्यक्ष
रूद्र कुमार सिंह को सूचना मिली कि आरोपी गैंग लीडर रियाजुद्दीन निवासी
गांव मुहारी अपने साथी रियासुद्दीन निवासी मोहारी के साथ कहीं बाहर भागने
की फिराक में बबीना बस स्टैंड पर वाहन की
तलाश में खड़ा है। पुलिस ने छापा
मारकर दोनाें आरोपियाें को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त चाकू व बांका
बरामद कर लिया। एसपी ने बताया कि यह शातिर अपराधी हैं। इनके खिलाफ
पहले से ही कई संगीन मामले कालपी व कदौरा थाने में दर्ज हैं। रियाजुद्दीन
ने बताया कि किसानाें की छोड़ी गायाें को उसने अपने साथियाें के साथ मिलकर
एक जगह
एकत्रित किया और उनको मारकर मांस ट्रक से कानपुर भेजवाया है। एसपी
ने बताया कि वह पूरे नेटवर्क पर निगाह रखे है। गैंग का पर्दाफाश कर
आरोपियाें को सलाखाें के पीछे भेजेंगे। एसपी ने यह भी कहा कि आरोपियाें के
खिलाफ रासुका की कार्रवाई की जा रही है।
कौन है वहीद, पुलिस कर रही तलाश
गोकशी में जिस वहीद एक नाम उभर कर आया है कि उस पर पूरे जिले में गोकशी के
कई मामलों का आरोप है। पकड़े गए आरोपियाें ने बताया कि वहीद निवासी डांडी
कदौरा ही मांस की बिक्री की सेटिंग करवाता है। वह कानपुर से लेकर हर मंडी
में यहां से ट्रक व डीसीएम से मांस की सप्लाई करवाता है। पुलिस उसकी तलाश
में जुट गई है। एसपी ने बताया कि उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।