कदौरा के ग्राम पथरेहटा निवासी भुलिया (25) पत्नी निरंजन पाल का शव सोमवार सुबह उसी के कमरे में फंदे पर लटकता मिला। घर में उसके अलावा उसका पति व अन्य ससुरालीजन थे। सुबह भुलिया के काफी देर तक कमरे से बाहर न आने पर परिजनों ने खिड़की से कमरे में झांका तो सकते में आ गए। उन्होंने किसी तरह दरवाजा तोड़ा, शोरशराबे की आवाज सुनकर ग्रामीण इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों को देखकर ससुरालियों ने दरवाजा बंद कर लिया। यह देखकर ग्रामीणों ने भुलिया के मायके में सूचना दी।
जानकारी पाकर मायके पक्ष के लोग तुरंत गांव पहुंचे। उन्होंने दरवाजा खुलवाकर पुलिस को सूचना दी। मायके पक्ष ने भुलिया की हत्या किए जाने की आशंका जताई है, लेकिन उन्होंने थाने में तहरीर नहीं दी। वहीं भुलिया की मौत की वजह ससुरालपक्ष वाले भी नहीं बता पा रहे हैं। थानाध्यक्ष का कहना है कि उन्हें इसकी सूचना शाम को मिली है। एक टीम को पथरेहटा गांव भेजा गया है। मामले की छानबीन के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा। अभी तक किसी ने तहरीर नहीं दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।