नवविवाहिता की मौत के बाद पहुंचे मायके पक्ष के लोग।
- फोटो : amarujala
गोहन निवासी सुरजीत पुत्र ब्रजलाल ने पुलिस को बताया कि उसने बेटी करिश्मा(24) की शादी कुठौंद के पारेन गांव निवासी मंगल सिंह पुत्र मानसिंह के साथ मई 2017 में की थी। शादी के बाद से ही पति बुलेट मोटरसाइकिल और तीन लाख दहेज की मांग कर रहा था। इन आठ महीनों में ही बेटी करिश्मा ससुरालियों के उत्पीड़न से परेशान हो गई थी। उसने कई बार फोन पर पति की करतूत बताई। हर बार समझा बुझा कर मामला शांत करा दिया गया। चार दिन पूर्व करिश्मा की छोटी बहन माला (14) बहन की ससुराल पहुंची थी।
माला के मुताबिक शनिवार की सुबह जब वह सोकर उठी तो दीदी का शव कमरे में पंखे के सहारे साफी से लटका हुआ था। इस पर उसने गोहन अपने घरवालों को फोन कर घटना की जानकारी दी। जब तक मायकवाले पारेन गांव पहुंचते तब तक मंगलसिंह अपने परिवार के साथ शव छोड़कर भाग निकला। मायकेवालों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानध्यक्ष का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा, फिलहाल फरार ससुरालियों की तलाश की जा रही है।