बता दें कि शनिवार शाम रेढ़र क्षेत्र में मजदूर की 13 वर्षीय बेटी अपने घर के अंदर मृत अवस्था में पाई गई थी। घर का सामान भी बिखरा हुआ था। सूचना पाकर एसपी और एएसपी भी मौके पर फोरेंसिक टीम के साथ पहुंचे थे। परिजनों का आरोप था कि लूटपाट के बाद किशोरी की हत्या की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट की माने तों किशोरी के गले की हड्डियां टूटी पाई गई हैं। शरीर पर किसी भी तरह के चोट के निशान नहीं हैं। गर्दन के आसपास रस्सी की रगड़ की मामूली सी चोटें हैं।
प्रथमदृष्ट्या किशोरी की मौत फांसी के फंदे पर लटकने से प्रतीत हो रही है। शव को देखने से दुष्कर्म जैसी भी कोई बात नहीं लग रही है। फिर भी आशंका के चलते स्लाइड बनवाई गई है। जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही दुष्कर्म की पुष्टि हो सकेगी। वहीं एएसपी का कहना है कि पहली सूचना भी लड़की के फंदे पर लटकी होने की आई थी। लेकिन पुलिस जब तक पहुंची तब तक रस्सी काटकर शव उतारा जा चुका था और परिजनों ने तब बताया था कि सामान बिखरा और शव पड़ा मिला था।
मजदूर के घर पर भीतर से ताला भी लगा हुआ था। फिलहाल परिजन लूटपाट और हत्या की बात अभी भी कह रहे हैं। उनकी ओर से जैसी भी तहरीर मिलेगी। उसी के आधार पर रिपोर्ट दर्ज मामले की जांच पड़ताल की जाएगी। फिलहाल गांव के ही तीन चार संदिग्ध युवकों को पकड़कर पूछताछ की जा रही है।