शहर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार को देर शाम रिवाल्वर और पिस्टल से लैस छह से अधिक बदमाशों ने सराफ के घर में घुसकर मारपीट और लूटपाट की। इतना ही नहीं बदमाशों ने रिवाल्वर सराफ की मां की कनपटी पर लगाई और मंदबुद्धि भांजी के साथ भी मारपीट की। यूपी 100 पर फोन मिलाने पर काफी
देर बाद पुलिस पहुंची। घटना को लेकर सराफा व्यापारियों में आक्रोश है। एसपी राकेश सिंह का कहना है कि बदमाशों की धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही है। बुधवार की देर शाम 8 बजे के करीब नकाबपोश असलहेधारी बदमाश सुभाष नगर निवासी सराफ राजीव महेश्वरी के घर में घुसे। बकौल राजीव दो
बदमाशों ने उन्हें रिवाल्वर लगा दी और लॉकर की चाबी मांगने लगे। तब तक तीन अन्य बदमाशों ने मंदबुद्धि भांजी साधना का गला दबा दिया। वे कुछ समझ पाते कि दो अन्य बदमाशों ने उनके बुजुर्ग पिता ओमप्रकाश व मां शारदा को पीटना शुरू कर दिया। पूरे घर में कोहराम मच गया। करीब 20 मिनट
तक बदमाश सराफ के घर में लूटपाट करते रहे। राजीव ने विरोध किया तो उन्हें तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया गया। लहूलुहान हालत में भी राजीव मोर्चा लेते रहे। इतना ही नहीं, बूढे़ मां, बाप ने भी बदमाशों से हाथापाई की। फिर भी आठ, दस बदमाशों ने सभी को मारपीट कर अलमारी में रखे करीब 90
हजार रुपये और नौ सोने की चूड़ियां जिनकी कीमत करीब 3 लाख रुपये के आसपास बताई जा रही है, लूट लीं और धमकी देकर फरार हो गए। सराफ के मुताबिक बदमाश करीब चार लाख के जेवर, नगदी लूट ले गए। राजीव का मानना है कि बदमाशों के सामने आने पर वे उन्हें पहचान भी लेंगे। एएसपी
सुभाष चंद्र का कहना है कि घात लगाकर वारदात को अंजाम दिया गया है। एसओजी और स्वाट टीम को लगाया गया है। जल्द ही मामले का खुलासा होगा। वहीं, सराफा व्यापारियों का कहना है कि चुनाव के वक्त इस तरह से सरेशाम डकैती की वारदात ने पुलिस तत्परता की पोल खोल कर रख दी है। कारोबारियों से उनके असलहे जमा करा लिए गए हैं, लेकिन बदमाश खुलेआम असलहे लेकर घूम रहे हैं।