माधौगढ़ (जालौन)। माधौगढ़ में मामा के घर आई पंद्रह साल की किशोरी के साथ पड़ोस में रहने वाले युवक ने घर में घुसकर रेप कर दिया। आरोपी ने किशोरी को जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसकी धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही है। वहीं घटना को लेकर गांव में तनाव भी व्याप्त है।
पुलिस ने बताया कि बोहरा गांव में कुछ दिन पहले ही किशोरी अपने मामा के घर आई हुई थी। गुरुवार की दोपहर जब घर में कोई नहीं था, तभी पड़ोस में रहने वाला युवक दीपक उसके घर में घुस गया। इसके बाद दीपक ने किशोरी के साथ अश्लील हरकतें शुरू कर दी।
किशोरी ने विरोध करते हुए शोर मचाने का प्रयास किया तो दीपक ने उसे मारपीट की। इसके बाद उसने किशोरी के साथ रेप किया। किशोरी के मुताबिक भागते वक्त दीपक ने मुंह खोलने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी। कुछ देर बाद परिजन घर पहुंचे तो किशोरी ने घटना की जानकारी दी। ग्रामीणों के साथ परिजन थाने पहुंचे और पुलिस को दीपक की करतूत बताई। इस पर पुलिस ने दीपक के घर फोर्स भेजी तो वह फरार हो चुका था। थानाध्यक्ष क कहना है कि परिजनों की तहरीर पर दीपक के खिलाफ रेप का मामला दर्ज कर उसके पिता भोदल को हिरासत में लिया है। किशोरी का भी मेडिकल कराया जा रहा है। नाते रिश्तेदारों के घरों पर भी दीपक की तलाश की जा रही है। मामला पड़ोस का होने की वजह से गांव में तनाव की भी स्थिति बनी हुई है।