माधौगढ़/उरई(जालौन)। घर के दरवाजे पर खेड़े ट्रैक्टर को आधा दर्जन बदमाश चोरी कर ले गए। ट्रैक्टर मालिक की नींद खुली तो घर के दरवाजे से ट्रैक्टर गायब देख सन्न रह गया। उसने परिजनाें व ग्रामीणाें को जगाकर जानकारी दी। साहसी ग्रामीणाें ने बाइक से बदमाशाें का पीछा किया तो ट्रैक्टर दिखाई दिया। ग्रामीणाें ने चोरों को घेर लिया। दो को बाइक समेत पकड़ लिया जबकि एक फायरिंग करता हुआ भाग निकला। ग्रामीणाें की सूचना पर थानाध्यक्ष एसएस दीक्षित मौके पर पहुंचे। दोनाें को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ ग्रामीण की तहरीर पर रिपोर्ट दर्जकर कार्रवाई की बात कही है।
माधौगढ़ थाना क्षेत्र के गांव डिकौली निवासी शिव प्रताप सिंह का स्वराज ट्रैक्टर बुधवार की रात घर के दरवाजे पर खड़ा था। रात करीब दो बजे आधा दर्जन बदमाश आए और ट्रैक्टर बिना स्टार्ट किए ही धक्का मारकर गांव के बाहर ले गए और बाद में स्टार्टकर उसे ले जाने लगे। इसी बीच शिवप्रताप की अचानक आंख खुल गई और उसने जब ट्रैक्टर गायब देखा तो सन्न रह गया। उसने परिजनाें व ग्रामीणाें को जगाकर ट्रैक्टर चोरी होने की जानकारी दी तो करीब आधा सैकड़ा साहसी ग्रामीणाें ने अपनी अपनी बाइकाें से बदमाशाें का पीछा किया। भगवानपुरा के पास ग्रामीणाें ने ट्रैक्टर को पकड़ लिया। उस पर सवार एक चोर ने ग्रामीणाें पर रिवाल्वर से फायरिंग कर दी लेकिन साहसी ग्रामीणाें ने शातिर वाहन चोर लाखन सिंह निवासी गांव नौदा थाना रौन जनपद भिंड व उसके साथी देवेंद्र उर्फ भूरे सिंह निवासी रजौधा थाना कोतवाली मुरैना एमपी को दबोच लिया। इस दौरान एक आरोपी रिंकू निवासी मुरैना भाग गया। ग्रामीणाें ने चोरी गया ट्रैक्टर व एक बाइक बरामद कर थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष एसएस दीक्षित ने आरोपियाें को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर कार्रवाई की बात कही है।