पुलिस से भिड़ता व्यापारी साजिद।
- फोटो : अमर उजाला
पालिथीन विरोधी अभियान के दौरान शनिवार को एक दुकानदार अधिकारियों से भिड़ गया। अन्य व्यापारियों ने भी अधिकारियों को घेरकर नारेबाजी शुरू कर दी। उधर दुकानदार ने खुद पर केरोसिन उड़ेल लिया और माचिस जलाने लगा। इस पर सीओ ने माचिस छीन ली। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे कोतवाल ने उपद्रव कर रहे लोगों को लाठियां पटककर भगाया।
इस दौरान दुकानदार भी भाग निकला। सीओ ने बताया कि आरोपी दुकानदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर कार्रवाई की जाएगी। पालिथीन विरोधी अभियान के तहत शनिवार की दोपहर करीब एक बजे एसडीएम संजय सिंह, सीओ जंगबहादुर सिंह, ईओ नगर पालिका रविंद्र कुमार के साथ अपने हमराही लेकर घंटाघर सनी मंदिर के पास स्थित एक दुकान पर छापा मारने
पहुंचे तो दुकानदार साजिद निवासी प्रेमनगर उरई उनसे भिड़ गया। यह देख अन्य व्यापारी भी समर्थन में आ गए। पुलिस को बैकफुट पर आना पड़ा। दबाव बनाने के लिए साजिद ने अपने ऊपर मिट्टी का तेल डालकर आग लगाने की कोशिश की। सीओ ने उसके हाथ से बोतल व माचिस छीन ली। सूचना पाकर कोतवाल आलोक सक्सेना आधा दर्जन दरोगा व पुलिस
कर्मियाें के साथ पहुंचे और उपद्रव कर रहे व्यापारियाें को खदेड़ दिया। सीओ सिंह ने बताया कि आरोपी दुकानदार से करीब 20 किलो पालिथीन मिली है। उसके खिलाफ संबंधित धाराआें में रिपोर्ट दर्जकर कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद टीम ने बच्चाराम स्वीट के बगल में दोना पत्तल की दुकान पर भी छापा मारा। यहां व्यापारी दुकान बंद कर भाग निकला।
प्रशासन की इस कार्रवाई से पालिथीन बेचने वालाें में हड़कंप मच गया। व्यापारी अपनी अपनी दुकानें बंदकर भाग निकले। सीओ ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। कोर्ट के आदेश का पालन किया जाएगा।