उरई । थाना क्षेत्र के वर्ध गांव में गुरुवार शाम हुई दिल दहला देने वाली घटना में एक युवती ने अपने दो बच्चों को कुएं में फेंककर मार डाला। फिर खुद फांसी लगाकर जान दे दी। थानाध्यक्ष चंद्रशेखर दुबे ने बताया कि परिजन घटना का कोई कारण नहीं बता पा रहे हैं। शुरुआती जांच में यही सामने आ रहा है कि युवती ने घर की कलह में यह कदम उठाया।
वर्ध गांव के विनोद की पत्नी सुंदरी (28) ने गुरुवार शाम करीब चार बजे अपने बच्चों अनन्या (5) और अनमोल (3) को घर के अंदर कुएं में फेंक दिया और खुद कमरे में फांसी लगा ली। उस समय सुंदरी का पति पड़ोस के गांव कैथी में अपनी बहन के यहां खेत में बखराई करने गया था। सास रामजानकी खेत से चारा लेने गई थीं। लौटी तो बहू का शव फंदे से लटका देख चीखते हुए बाहर आईं। उनकी चीख सुनकर पड़ोसी भी आ गए। इसी बीच किसी ग्रामीण की नजर घर के कुएं के भीतर पड़ी तो अनन्या और अनमोल के शव पानी में उतरा रहे थे।
गांववाले तुरंत कुएं में उतरे और रस्सी व कांटे के सहारे दोनों के शव निकाले। इसके बाद ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर आई पुलिस ने सुंदरी का शव फंदे से उतरवाया। एट थानाध्यक्ष ने रामजानकी से पूछताछ की। उसने बताया कि उसे सुंदरी के इस तरह का कदम उठाने की वजह का पता नहीं है। गांववाले भी घटना के पीछे घर की कलह ही बता रहे है। मामले की छानबीन की जा रही है। सूचना पाकर पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र सिंह भी ग्राम वर्ध के लिए निकल पड़े। देर रात तक डीआईजी के भी मौके पर पहुंचने की बात कही जा रही है।