कपड़ा व्यापारी की हत्या के मामले में नगर के व्यापारियों एवं समाजसेवियों ने मृतक के परिजनों को 10 लाख रुपये का मुआवजा देने की शासन प्रशासन से मांग की है। साथ ही एसपी बबलू कुमार से व्यापारी के हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी व चौकी प्रभारी समेत चौकी स्टॉफ को तत्काल निलंबित करने की भी मांग की गई। अनिल शिवहरे, मनोज गुप्ता, लालन
ताम्रकार, संतोष गुप्ता उर्फ लल्लू, धर्मेंद्र दीवौलिया, विष्णु अग्रवाल, राजू श्रीवास्तव प्रधान, ब्रजमोहन निरंजन, दिनेश मोदी आदि व्यापारियों व समाजसेवियों ने पुलिस अधीक्षक से कहा कि शनिवार की देर शाम बाजार के सबसे व्यस्त इलाके झंडा चौराहे के पास कपड़ा व्यापारी राजेश अग्रवाल उर्फ मनन की हत्या के मामले में पुलिस की निष्क्रियता ही जिम्मेदार है।
घटना के एक घंटे बाद चौकी प्रभारी घटनास्थल पर पहुंचे। वहां पिकेट ड्यूटी पर तैनात सिपाही रहे होते तो शायद यह दु:खद घटना न होती। उन्होंने इसके लिए जिम्मेदार चौकी प्रभारी
मुकेश कुमार सिंह समेत समस्त चौकी स्टाफ , ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किए जाने की मांग की। इसके अलावा व्यापारियों एवं समाजसेवियों ने शासन प्रशासन से मृतक व्यापारी के परिजनों को 10 लाख रुपये दिए जाने की भी मांग की।
पुलिस चला रही अंधेरे में तीर
जालौन।व्यापारी की हत्या के मामले में कोतवाली पुलिस अभी भी अंधेरे में तीर चला रही है। दो दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। हालांकि कोतवाली पुलिस इस मामले में तीन-चार संदिग्ध लोगों को कोतवाली लाकर पूछताछ कर रही है।
सदर विधायक ने दी सांत्वना
सदर विधायक दया शंकर वर्मा ने मृतक व्यापारी के घर जाकर दु:खी परिवार को धैर्य व सांत्वना दी। कहा कि वह जल्द से जल्द हत्यारों को गिरफ्तार कराने का प्रयास करेंगे। उन्होंने परिवार की सुरक्षा के लिए उनका शस्त्र लाइसेंस बनवाने के लिए डीएम से भी बात करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर सपा नगर अध्यक्ष इकबाल मंसूरी, उरई नगर अध्यक्ष भानु प्रकाश वर्मा, भानु राजपूत, बब्लू गुर्जर, सोनू मंसूरी आदि उपस्थित थे।