कुठौंद थाना क्षेत्र के गांव नैनापुर में गुरुवार की देर रात एक नव विवाहिता को दहेज की खातिर जलाकर मार डाला गया। ग्रामीणों से घटना की सूचना पाकर पिता बेटी की ससुराल आया और दामाद व उसके पिता के खिलाफ दहेज हत्या की तहरीर दी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्जकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद से आरोपी पति व ससुर फरार
हैं। एट थाना क्षेत्र के गांव पिरौना निवासी पिता मानसिंह ने कुठौंद थाना पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसने अपनी बेटी नीलम का विवाह दो साल पहले कुठौंद थाना क्षेत्र के गांव नैनापुर निवासी चंद्रशेखर के साथ किया था। अपनी हैसियत के मुताबिक दान दहेज भी दिया था लेकिन पति व उसके पिता रामकेश बेटी को अतरिक्त दहेज में बाइक व सोने की जंजीर
की मांग को लेकर प्रताड़ित करने लगे। बेटी ने यह बात उसे भी बताई लेकिन लोक लाज का वास्ता देकर उसने बेटी को चुप करा दिया। इससे आरोपियाें के हौसले बढ़ गए और उन्हाेंने
गुरुवार की देर रात नीलम के ऊपर केरोसिन डालकर आग लगा दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पिता पुत्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष चंद्रशेखर दुबे ने बताया कि आरोपियाें को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।