महोबा के चरखारी थाना क्षेत्र के छोटा रमन्ना निवासी हरिदास वर्मा (52) आरईएस में जालौन के महेबा ब्लाक में जेई के पद पर तैनात थे। हरिदास वर्ष 2017 में हमीरपुर से स्थानांतरित होकर यहां आए थे। वह जालौन रोड स्थित बैंक कालोनी के क्वार्टर में चालक विनय कुमार के साथ अकेले रहते थे। परिवार गांव में रहता है। चालक विनय के मुताबिक रविवार रात आठ बजे वह किसी से मिलने जाने की बात कहकर निकले थे।
सोमवार तड़के पुलिस ने ट्रैक पर शव मिलने की सूचना दी। कोतवाल शिवगोपाल ने आशंका जताई कि जेई ट्रेन से कहीं जाते समय गिरने से जान गंवा बैठे हों। जेई के भाई रामदास ने इससे असहमति जताते हुए हत्या का शक जताया है। तर्क दिया है कि ट्रेन से कहीं जाते तो जेब से टिकट मिलता। इसके बाद पुलिस ने परिवार से जुड़े विवाद और विभागीय मामलों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। जेई के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल का भी अध्ययन किया जा रहा है।