कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी बच्ची (7) बुधवार देर शाम माता-पिता के साथ खेत की रखवाली करने गई थी। माता-पिता तो खेत में चले गए, पर बच्ची वहीं पर बनी मड़ैया पर बैठकर खेलने लगी। इसी बीच गांव में रिश्तेदारी में आया झांसी जिले के सीकरी बाजार थाना क्षेत्र के नंदनपुरा गांव निवासी रोहित वहां से गुजरा और बच्ची को अकेली देखकर दूसरे खेत में ले गया दुष्कर्म कर भाग गया।
थोड़ी देर बाद बच्ची लहूलुहान हालत में रोती हुई माता-पिता के पास पहुंची और गलत काम करने की जानकारी दी, लेकिन आरोपी के बाबत कोई जानकारी नहीं दे सकी। यहां से दंपति बच्ची को लेकर घर पहुंचे। बृहस्पतिवार सुबह आरोपी युवक रोहित उसी खेत के पास से फिर गुजरा। बच्ची की नजर जैसे ही दरिंदे पर पड़ी तो उसने इशारा कर माता-पिता को जानकारी दी। इसके बाद दंपति ने युवक को दौड़ा लिया।
इसी बीच आसपास खेतों में काम कर रहे अन्य ग्रामीण भी पहुंच गए और रोहित को धर दबोचा। बच्ची से दरिंदगी करने के बाद से गुस्से से आगबबूला ग्रामीणों ने परिजनों के साथ युवक की जमकर पिटाई की और पुलिस के सुपुर्द कर दिया। इस बाबत कोतवाल देवेंद्र द्विवेदी का कहना है कि आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर बच्ची को मेडिकल के लिए भेजा गया है।
चीखी मासूम, बाबा यही हैं वह अंतल
बच्ची ने घरवालों को अपने साथ हुई दरिंदगी तो बयां की लेकिन किसने उसे अंजाम दिया मासूम कुछ भी नहीं बता पा रही थी। लिहाजा माता पिता भी खून का घूंट पीते हुए आरोपी को पकड़ने के लिए छटपटा रहे थे। गुरुवार को जब आरोपी रोहित उसी खेत के पास से गुजर रहा था तो उसे मड़ैया के बाहर बैठी मासूम ने जैसे ही देखा तो वह तोतली आवाज में चीख पड़ी बाबा यही हैं वह अंतल। बस फिर क्या था लाख कोशिश के बाद भी रोहित ग्रामीणों के चंगुल से न छूट सका और सीधा कोतवाली की हवालात पहुंच गया।
कोतवाली में भी भीड़ ने किया पीटने का प्रयास
जिसने भी मासूम के साथ हुई दरिंदगी की घटना सुनी और पता चला कि आरोपी कोतवाली में है, तो उसके कदम कोतवाली की ओर चल पड़े। जिस कारण दोपहर होते होते कोतवाली के बाहर इलाकाई लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। जिसमें कुछ महिलाएं भी थी। सभी पुलिस से बस एक बार आरोपी को सौंपने की बात कह रहे थे, ताकि वे अपने हाथों से उसे ऐसी सजा दे सकें कि कोई दूसरा कभी इस तरह की हैवानियत न कर सके। पुलिस ने बड़ी मुश्किल से सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर भीड़ को शांत किया।