कदौरा। मरगांया में पुलिस व खाद्य विभाग ने संयुक्त रूप से छापामारी कर एक अवैध गुटखा फैक्ट्री पकड़ी। पुलिस ने मौके से छह लोगों को पकड़ लिया, जबकि दो लोग बचकर भाग निकले। साथ ही पुलिस ने वहां से भारी मात्रा में गुटखा बनाने की सामग्री व बने हुए गुटखे के अलावा एक कार व दो बाइकें भी बरामद कीं। वहीं खाद्य विभाग की टीम ने गुटखा के नमूने परीक्षण केंद्र भेजे हैं।
कदौरा थाना पुलिस व खाद्य विभाग की अभिहित अधिकारी डॉ. प्रियंका सिंह भदौरिया को मुखबिर से गुरुवार सुबह एक अवैध गुटखा फैक्ट्री संचालित होने की सूचना मिली। मुखबिर की बताए अनुसार टीम कदौरा क्षेत्र के ग्राम मरगांया के मजरा रामदास का डेरा पहुंची। टीम की गाड़ियां गांव में पहुंचते ही भगदड़ मच गई। एक मकान के कुछ लोग निकल कर भागने लगे। यह देखकर पुलिस ने उनका पीछा किया।
पुलिस ने भाग रहे लोगों में छह को तो पकड़ लिया, लेकिन दो युवक बच कर भाग निकले। पुलिस ने मकान के अंदर जाकर देखा तो वहां पर नकली गुटखा तैयार किया जा रहा था। वहां से भारी मात्रा में गुटखा बनाने की सामग्री और बना हुआ गुटखा बरामद हुआ। साथ ही उस मकान के बाहर खड़ी एक कार व दो बाइकों को भी पुलिस ने जब्त कर लिया।
पकड़े गए लोगों ने अपने नाम बबलू पुत्र रामकुमार निवासी आलमपुर कालपी, सुभाष तिवारी पुत्र नरेंद्र तिवारी निवासी आलमपुर, सिद्धार्थ भारद्वाज पुत्र राकेश कुमार निवासी उदनपुरा कालपी, मनीष गुप्ता पुत्र स्व. ओमप्रकाश गुप्ता निवासी टरननगंज कालपी, लल्लू पुत्र सरमन बाथम व शीलू पुत्र सुरेश बाबू निवासी औरंगाबाद झींझक बताए है, जबकि भागने वालों की पहचान मकान मालिक प्रदीप गौतम व पंकज गौतम पुत्रगण धर्मदास निवासी मरगांया मजरा रामदास का डेरा के रूप में हुई है।
पुलिस उन दोनों की तलाश कर रही है। खाद्य विभाग की अभिहित अधिकारी ने बताया कि उस घर से छापेमारी के दौरान दो क्विंटल कटी सुपाड़ी, एक क्विंटल कत्था, दो बोरा तंबाकू, गुटखा पैकिंग करने वाली मशीन, दरवाजे पर खड़ी एक मारुती जिसमें सुपाड़ी के बोरे लदे हुए थे व दो बाइकें भी बरामद की है। पुलिस पकड़े गए आरोपियों व बरामद सामान को लेकर थाने ले आई।
वहीं खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पकड़े गए गुटखा के नमूने भरकर जांच के लिए परीक्षण केंद्र भेजे है। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया है। छापेमारी करने गई टीम में कदौरा थाना प्रभारी प्रमोद सिंह, खाद्य विभाग के निरीक्षक कालपी राहुल शर्मा, एसआई विजय प्रताप सिंह, सिपाही प्रमोद कुमार व रमेश यादव आदि शामिल रहे।