जानकारी देते मृतका प्रतिभा के पिता राजाराम व मां।
- फोटो : अमर उजाला
उरई की होनहार जज बेटी प्रतिभा गौतम को उसके ही पति ने कथित तौर पर गला घोटकर मार डाला। इस मामले में अब कानपुर पुलिस आरोप पत्र दाखिल करने की तैयारी में है। पुलिस ने मृतका के माता पिता के बयान दर्ज कर लिए है। वहीं, पिता का आरोप है कि पुलिस ढुलमुल रवैया अख्तियार किए हुए है। ऐसे में न्याय मिलने की उम्मीद कम है। कहा कि अगर उसे न्याय न
मिला तो कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे। बेटी के कातिलाें को सजा दिलाकर ही दम लेंगे। मोहल्ला राजेंद्र नगर निवासी राजाराम गौतम व उनकी पत्नी प्रेमा देवी शुक्रवार को कानपुर में बेटी प्रतिभा सिंह गौतम के हत्यारोपी पति अभिषेक सिंह उर्फ मनु व उसके माता पिता के खिलाफ बयान देने गए थे। उन्हाेंने मनु पर दहेज मांगने व न देने पर बेटी को प्रताड़ित
करने का आरोप लगाते हुए बयान दर्ज कराए। वहां से आने के बाद उन्हाेंने बताया कि पुलिस के लचर रवैये के कारण दो माह बाद भी आरोपी बाहर घूम रहे हैं और पुलिस पर दबाव बना रहे हैं। इससे उनको यहां से न्याय मिलने की उम्मीद कम है। आरोप लगाया कि मनु के पिता रिटायर्ड जज हैं। वे अपनी पहुंच से केस को प्रभावित करने में जुटे हैं। कहा कि जब तक
बेटी के हत्यारोपियाें को सजा नहीं दिला देते, चैन से नहीं बैठेंगे। बताया कि अब उनके सामने अब यही मकसद बचा है। उन्हाेंने बताया कि अगर उन्हें न्याय न मिला तो वह हाईकोर्ट से सुप्रीम कोर्ट तक लड़ाई लडे़ंगे। वहीं, मां प्रेमा देवी बेटी के गम में बीमार हो चुकी हैं। वह कहती हैं कि बिटिया के कातिलाें को जब तक नहीं मिल जाती उन्हें चैन नहीं मिलेगा।