टीवी देखते समय आधा दर्जन सशस्त्र हमलावरों ने ग्रीन गैंग की जिलाध्यक्ष केे घर पर धावा बोलकर उसे बेरहमी से मारापीटा और तमंचे से फायर झोंक दिया। इसमें वह बाल-बाल बच गई। हमलावरों से लोहा लेते हुए जिलाध्यक्ष ने एक आरोपी को दबोच लिया और कोतवाली पुलिस केे सुपुर्द कर दिया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आधा दर्जन हमलावरों के खिलाफ
मारपीट, बलवा, लूट की धाराओं में मामला दर्ज कार्रवाई की बात कही है। वहीं, देर शाम ग्रीन गैंग की करीब 200 कार्यकर्ता एसपी आफिस पहुंचीं और 48 घंटे में गिरफ्तारी का अल्टीमेटम देकर कार्रवाई की मांग की है। मोहल्ला कांशीराम निवासी ग्रीन गैंग की जिलाध्यक्ष सुमन गोस्वामी ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गुरुवार देर रात करीब
10 बजे वह अपने आवास में टीवी देख रही थीं। तभी उन्हें दरवाजे पर कुछ आहट सुनाई दी तो वह दरवाजा खोेलकर देखने लगी। वहां घात लगाए बैठे निषीद गौतम अपने छह अन्य साथियों के साथ आ धमके और रंजिशन उस पर हमला कर दिया। वह बचकर अंदर भागी तो हमलावर पीछे से घुस आए और तमंचे से गोली मारी, लेकिन वह बच गई।
आरोप है कि आरोपियों ने उसके कपडे़ फाड़ दिए और तीसरी मंजिल में नीचे फेंकना चाहा। लेकिन वह बदमाशों से भिड़ गई और एक आरोपी निषीद को पकड़ कर कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके व उसके साथियों के खिलाफ संगीन धाराओं में मामला दर्ज कार्रवाई की बात कही है। उधर, विभिन्न जिलों से ग्रीन संगठन की
महिलाएं उरई आई और एसपी कार्यालय का घेराव कर नारेबाजी की। चेतावनी दी कि अगर जिलाध्यक्ष के हमलावर गिरफ्तार न हुए तो वह सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष अगूरी दाहड़िया केे अलावा संगीता राजपूत, सुमन, अन्नपूर्णा, राजकुमारी, सरोजनी, रामकली, शांति राजपूत आदि मौजूद रहे।