महिला ने गांव के ही पांच लोगों पर गैंगरेप का आरोप लगाया। महिला के मुताबिक दबंगों ने उसके साथ दुष्कर्म तो किया ही, साथ ही उसकी नाबालिग बेटी से भी अश्लील हरकतें कीं। वह शिकायत करने कोतवाली गई तो पुलिस ने टरका दिया। मजबूरन उसे मामले की शिकायत आईजी जोन से करनी पड़ी। उधर, कोतवाली पुलिस मामले को पुरानी रंजिश बता रही है।
30 वर्षीय महिला ने शिकायती पत्र में बताया कि बुधवार को वह खेत पर अपने दस साल की बच्ची के साथ काम कर रही थी।
इसी दौरान जीप से गांव के ही पांच दबंग आए और उसके सीने पर बंदूक रखकर सुनसान में खींच ले गए। वहां पांचों ने उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं उसकी दस साल की बेटी से भी अश्लीलता की।
महिला के मुताबिक जब वह थाने शिकायत लेकर गई तो पुलिस ने टरका दिया। इसके बाद उसने गुरुवार को आईजी को पत्र भेज कर मामले की शिकायत की है। इस बाबत कोतवाल देेवेंद्र द्विवेदी का कहना है कि महिला ने सिर्फ छेड़खानी का आरोप लगाया है और जांच में वह भी गलत पाया गया। महिला व आरोपियों के बीच पुरानी रंजिश की बात भी सामने आई है। फिलहाल जांच पड़ताल की जा रही है। गैंगरेप जैसी कोई बात नहीं है।