माधौगढ़ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बिरिया निवासी लोकेंद्र सिंह (74) पुत्र किन्नर सिंह व उनका बेटा विक्रम सिंह (48) अपने घर के बाहर शौचालय व नाली का निर्माण करा रहे है। रविवार दोपहर शौचालय के निर्माण के दौरान विक्रम ने शौचालय की दीवार नाली के ऊपर से निकाल दी। यह देखकर पड़ोसी अमर सिंह, उसकी पत्नी लक्ष्मी व बेटा जीतू उलाहना देने आ गए। नाली के ऊपर शौचालय की दीवार हटवाने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। झगड़ा होता देखकर ग्रामीणों की भीड़ लग गई।
कहासुनी के बीच अचानक अमर सिंह का लड़का जीतू लाठी लेकर आया और विक्रम को पीटने के लिए दौड़ पड़ा। इसके चलते दोनों पक्ष लाठियां लेकर एक-दूसरे पर टूट पड़े। मारपीट के बीच अचानक अमर सिंह व जीतू ने कुल्हाड़ी से लोकेंद्र सिंह व विक्रम पर एक के बाद एक कई प्रहार कर दिए, जिससे वह दोनो पिता पुत्र लहूलुहान होकर गिर पड़े। उनकी हालत को देखकर अमर सिंह व उसका परिवार घर में ताला डालकर भाग निकला। हालत बिगड़ी देखकर परिजन व ग्रामीण घायल पिता पुत्र को आनन फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए, जहां पर इलाज के दौरान लोकेंद्र की मौत हो गई।
विक्रम का प्राथमिक इलाज कर घर भेज दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया और तुरंत गांव पहुंची। वहां पर परिजनों व ग्रामीणों से मामले की पूछताछ की। फिर आरोपी के घर गई तो वहां ताला पड़ा मिला। विक्रम ने पुलिस को अमर सिंह उसकी पत्नी लक्ष्मी देवी व लड़के जीतू के खिलाफ पिता की हत्या किए जाने की तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।