कोंच। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चमेंड़ के किसान के घर से बुधवार रात चोर नगदी जेवर सहित करीब साढ़े छह लाख का माल पार कर ले गए। चोर किसान की दोनाली लाइसेंसी बंदूक भी चोरी कर ले गए। किसान ने रात में ही 100 पर पुलिस को सूचना दे दी। सुबह फारेंसिक टीम और एएसपी ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की। पुलिस को मौके से कुछ सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस किसी करीबी का हाथ होने का शक जता रही है, दो लोगों को उठाया भी गया है।
कोंच कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चमेंड़ गांव निवासी किसान सीताराम पुत्र ग्यासी कुशवाहा और उनका परिवार बुधवार रात छत पर सो रहा था। रात में चोर उनके घर में घुस आए। चोर कमरों से अटैची, बक्सों से 45 हजार रुपये और दो हार सोने के, दो जोड़ी चूड़ियां, दो टॉप्स, दो अंगूठी, बाला, चांदी का बिछुआ, दस जोड़ी पायल, दो जोड़ी झल्लर पेटी, चार लच्छे सहित करीब छह लाख के जेवर और सीताराम की दोनाली लाइसेंसी बंदूक भी चोरी कर ले गए। रात करीब बारह बजे सीताराम की आंख खुली। वह छह से नीचे उतरे तो कमरों के ताले खुले पड़े थे। कमरों में जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने तुरंत 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। स्वाट और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट ने भी मौके पर पड़ताल की। सीताराम ने बताया कि दो बेटे कोंच एवं जालौन में रहकर पढ़ाई करते हैं। गुरुवार सुबह खाली अटैचियां और बक्से घर के पास तालाब के किनारे पड़े मिले। बेटे संजीव ने बताया कि चाभियां पिता के कमरे में थी, चोर पहने उसी कमरे में गए। माल लेकर मुख्य गेट से बाहर निकल गए। बताया कि पड़ोसी के खपरैल पर चढ़कर चोर मकान में घुसे। पुलिस का कहना है कि कुछ सुराग मिले हैं, उसी आधार पर जांच की जा रही है। चोरी में किसी करीबी का हाथ होने की आशंका है। क्योंकि चोरों को पता था कि कहां चाभियां रखी हैं और कहां-कहां नगदी व जेवर। एएसपी ने भी मौके पर जाकर जांच पड़ताल की। सीताराम ने बताया कि चुनाव के दौरान लाइसेंसी बंदूक कोतवाली में जमा करा दी थी। बुधवार को वह कोतवाली से बंदूक लेकर आए थे। बंदूक के पास कारतूस की भी खूंटी पर टंगी थी। ग्रामीणों ने बताया कि रात में दो संदिग्ध बाइक इलाके में देखी गईं थीं।
चोरी का खुलासा न होने से लोगों में आक्रोश
जालौन। एक माह पूर्व नगर की सीमा पर स्थित श्रीबिरिया खेड़ा हनुमान मंदिर का ताला तोड़कर चोरों ने मंदिर में रखी 25-30 हजार की नगदी एवं चांदी के मुकुट चुरा ले गए थे। लेकिन अभी तक चोर न पकड़े जाने से मंदिर के पुजारी ने गुरुवार को पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर मामले का खुलासा किए जाने की मांग की।
बीते माह 28 जून की रात को अज्ञात चोर ने श्रीबिरिया खेड़ा हनुमान मंदिर का ताला तोडकर मंदिर में चढ़ौती के रखे 25 से 30 हजार रूपए 500 ग्राम वजन के चांदी के तीन मुकुट व तिलक चुरा ले गए थे। मंदिर के पुजारी नानक चंद्र मिश्रा निवासी मोहल्ला ओझा ने चोरी की सूचना कोतवाली में तहरीर दी थी। अब तक कोतवाली पुलिस चोरी के मामले का ख्ुालासा नहीं कर सकी। पुजारी व ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर चोरी के मामले का खुलासा किए जाने की मांग की है।