रंगदारी न देने पर स्कार्पियो सवार दबंगों ने बुधवार रात एक सराफ के घर में घुसकर उसे तमंचे की बट से हमलाकर लहूलुहान कर दिया। बचाने आए परिजनों को मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित व्यापारी कोतवाली पहुंचा और चार हमलावरों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने मामले में कार्रवाई की बात कही है।
शहर कोतवाली के मुहल्ला बघौरा निवासी बबलू सोनी ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी कि उसका पड़ोसी योगेंद्र यादव उसे आएदिन परेशान करता है और रंगदारी में 20 हजार रुपये की मांग कर रहा था। जब उसने पैसे देने से इंकार किया तो बुधवार रात करीब आठ बजे अपने साथी मानवेंद्र यादव, अनुराग व प्रमोद यादव के साथ स्कार्पियो से उसके घर आ धमका और पैसे की मांग की जब उसने पैसे देने से इंकार कर दिया तो हमलावरों ने मारना पीटना शुरू कर दिया।
हमलावरों ने उसके सिर में तमंचे की बट मार दी, जिससे वह लहूलुहान हो गया। चीखपुकार सुनकर परिजन बचाने आए तो हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की। चीख पुकार सुनकर मोहल्ले वाले दौड़े तो हमलावरों ने तमंचा लहराकर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की तहरीर पर वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुनील तिवारी ने मेडिकल परीक्षण को भेजकर कार्रवाई की बात कही है।