गंगाराम निवासी बरखेरा, कालपी ने बताया कि गुरुवार की सुबह वह सुजानपुर, कदौरा के पास वाहन के इंतजार में खड़ा था। उसी समय दो युवक मोटरसाइकिल से आए और बोले कि आओ हम तुमको कदौरा छोड़ दे जिस पर उनके साथ बीच में बैठ गया। बवीना के आगे टप्पेबाजों ने गाड़ी खराब होने का बहाना बनाकर गंगाराम को उतार दिया। इसके बाद बाइक सवार वहां से नौ दो ग्यारह हो गए।
इसके बाद गंगाराम ने जब अपनी जेब में हाथ लगाया तो कटी जेब देख उसके होश उड़ गए। जेब में रखे तीन हजार रुपये गायब थे। रोता बिलखता गंगाराम थाने पहुंचा और पुलिस को आपबीती बताई। गंगाराम के मुताबिक वह रुपये लेकर घर का बिजली का बिल जमा करने जा रहा था। पुलिस का कहना है कि हुलिए के आधार पर टप्पेबाजों की तलाश की जा रही है। वैसे गंगाराम ने भी बाइक में तीसरी सवार रुप में बैठकर गलत किया है।