कदौरा में 10 मई को हुई थी युवक की हत्या पुलिस ने प्रेस कांफ्रेंस में किया मामले का खुलासा
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस ने चतेला गांव में युवक की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी के दो सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया है। थाने में प्रेस कांफ्रेंस में सीओ कालपी सुबोध गौतम ने बताया कि पकड़े गए सहयोगियों से वारदात में इस्तेमाल तमंचा और बाइक बरामद कर ली गई है। मुख्य आरोपी की तलाश के लिए दबिश चल रही है, जल्द ही वह भी सलाखों के पीछे होगा।
दस मई को छेड़खानी के विरोध में गांव निवासी खेमचंद्र (30) की सोते वक्त गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पिता बाबूलाल ने गांव के ही बउवा उर्फ अरविंद पर हत्या का आरोप लगाया था। इसमें बताया था कि बउवा ने माह पूर्व छेड़खानी की थी, जिसका बेटे खेमचंद्र ने विरोध किया था। इसी खुन्नस में बउवा ने अपने मामा वरदानी और एक अन्य के साथ मिलकर बेटे की हत्या कर ली।
सीओ ने बताया कि पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर मंगलवार की रात जोल्हूपुर मोड़ के पास से वरदानी और बउवा के दूसरे साथी दीपू को गिरफ्तार कर लिया है। दीपू ही घटना के वक्त बाइक चला रहा था। वह बाइक का मालिक भी है। मुख्य आरोपी बउवा की तलाश में टीम कानपुर देहात गई हुई है, जल्द ही उसे भी पकड़ लिया जाएगा।
एक और हत्या की थी साजिश
पुलिस सूत्रों की मानें तो बउवा सिर्फ खेमचंद्र ही नहीं, बल्कि उसके एक साथी की भी हत्या के इरादे से आया था। बताया जाता है कि खेमचंद्र ने छेड़खानी पर अपने उसी साथी के साथ मिलकर बउवा की तीन दिन तक पिटाई की थी।
मामा ने दिए थे दो तमंचे
बेइज्जती का बदला लेने के लिए बउवा के मामा वरदानी ने ही उसे दो तमंचे और कारतूस दिए थे। कहा था कि दोनों हत्याओं में अलग-अलग तमंचों का इस्तेमाल करना। इस बात का खुलासा स्वयं वरदानी ने पूछताछ में किया।