उरई कोतवाली में खड़े लूट के शिकार भाई बहन।
- फोटो : amar ujala
माधौगढ़ क्षेत्र के गोपालपुरा निवासी जयनारायण की पत्नी संगीता गुप्ता रविवार की दोपहर अपने भाई ओमनारायण के साथ गोपालपुरा से उरई आ रही थी। गोपालपुरा से बस द्वारा जालौन के उरई चौराहे पर उतर गए इसके बाद वह जालौन से उरई जाने के लिए चौराहे पर खड़े होकर वाहन का इंतजार कर रहे थे।
तभी एक सफेद रंग की बिना नंबर प्लेट की मारुति कार चौराहे पर रुकी और उरई के लिए यात्रियों को बैठने के लिए बुलाया। जिस पर सुनीता अपने भाई के साथ कार में बैठ गई। जालौन से चलने के थोड़ी देर बाद कार चालक ने महिला के भाई से बैग डिग्गी में रखने को कहा। ओम नारायण जब बैग लेकर कार से नीचे उतरा तो कार चालक ने स्पीड बढ़ा दी।
ओम नारायण पीछे दौड़ा पर कार आंखों से ओझल हो गई। इसके बाद करीब 12 किलोमीटर बाद उरई जालौन रोड स्थित सातमील के आगे पहुंचकर उसने कार रोक दी और कार में बैठी महिला से दो तोला की एक जंजीर, एक जोड़ी झुमकी, मंगलसूत्र डरा धमकाकर लूट लिया और उसे वहीं उतारकर कार समेत भाग गया।
इसके बाद पीड़ित भाई बहन उरई कोतवाली पहुंचे और अपने साथ हुई लूट की घटना की जानकारी दी। कोतवाली पुलिस ने मामला जालौन का बताकर उन्हें जालौन कोतवाली भेज दिया। कोतवाल देवेंद्र सिंह का कहना है कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है, अगर तहरीर मिलती है तो जांचकर कर कार्रवाई की जाएगी।