बाइक से जा रहे देवर-भाभी को बाइक सवार तीन लुटेराें ने उरई कोतवाली के गढ़र पुलिया के पास ओवरटेक कर रोक लिया और महिला से तमंचे के बल पर 15 हजार रुपये नकद व करीब दो लाख के सोने के गहने लूटकर भाग गए। सूचना पाकर कोतवाल आलोक सक्सेना मौके पर पहुंचे और बदमाशाें की घेराबंदी लेकिन वह भाग गए। सूचना पाकर एसपी अशोक कुमार त्रिपाठी मौके पर पहुंचे और पेट्रोल पंप
से सीसीटीवी फुटेज लेकर लुटेराें की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी है। गांव खरूसा निवासी रामकुमार पटेल ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके छोटे भाई की बहू कांति देवी अपने देवर के साथ रविवार की रात करीब दस बजे बाइक से उरई शादी समारोह से वापस अपने गांव आ रही थी। जब उनकी बाइक उरई कोतवाली के गढ़र की पुलिया के पास पहुंची तभी अपाचे बाइक सवार तीन
लुटेराें ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी। लुटेराें ने तमंचे के बल पर कांति के पर्स में रखे 15 हजार रुपये व सोने का हार, मंगलसूत्र सहित करीब दो लाख रुपये के गहने लूट लिए। वारदात के बाद बदमाश वापस उरई की ओर भाग गए। पुलिस ने अज्ञात तीन लुटेराें के खिलाफ लूटे की धाराआें में रिपोर्ट दर्जकर ली है। कोतवाल ने बताया कि लुटेराें ने वारदात से पहले पेट्रोल पंप पर बाइक में पेट्रोल भरवाया था उसके फुटेज पुलिस के पास आ गए हैं। लूट की वारदात का जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा। आरोपी सलाखाें के पीछे होगें।