डकोर थाना पुलिस व स्वाट टीम ने गुरुवार की देर रात वाहन चेकिंग के दौरान नीली बत्ती लगी स्कार्पियो पर सवार दो लोगों को दबोच लिया। उनसे दो तमंचे व कारतूस बरामद किए। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे इस गाड़ी से शराब की तस्करी करते थे। गाड़ी में लगी नंबर प्लेट भी पड़ताल में फर्जी निकली। दोनाें की वोटर आईडी भी फर्जी है।
पुलिस ने आरोपियाें पर रिपोर्ट दर्जकर कार्रवाई की बात कही है। एएसपी शकील अहमद ने अपने कार्यालय में पत्रकारों को बताया कि स्कार्पियों में पकड़े गए राकेश शिवहरे निवासी खंडेरा जालौन व उसके साथी अभिषेक भदौरिया निवासी गांव गुलाब की गढ़िया थाना बढ़पुरा जनपद इटावा के पास एक-एक 315 बोर तमंचे व चार कारतूस, दरोगा का फर्जी आईकार्ड,
पहचान पत्र व फर्जी नाम से लिए कई सिमकार्ड मिले। आरोपियों ने बताया कि वह इस नीली बत्ती लगी गाड़ी से शराब की तस्करी करते हैं। बाहर से शराब के ट्रक मंगाकर जिले में सप्लाई करते हैं। इसी सिलसिले में डकोर जा रहे थे। पुलिस ने आरोपियाें को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। एएसपी ने बताया कि पकड़े गए दोनाें ही बदमाश शातिर है और उन पर कई
संगीन मुकदमे पहले से ही दर्ज है। आरोपी राकेश ने बताया कि वह काफी समय से शराब का कारोबार कर रहा है। वह ग्वालियर के महेश गुप्त से शराब मंगाता और उसकी तस्करी जिले में करता है। जिले में वह दर्जनभर लोगों के जरिए कारोबार चलाता है।
पुलिस थानाें की करते निगरानी
पकड़े गए शातिर तस्कर ने बताया कि वह अपनी गाड़ी को आगे लगाकर ट्रक को निकलवाते हैं। इसके बाद जो एजेंट हैं वे थाना व कोतवाली के बाहर अपने एजेंट बिठा देते हैं। ये पुलिस की हर गतिविधियाें की जानकारी मोबाइल से अपने साथियाें को देते हैं। मात्र 20 मिनट में पूरा ट्रक खाली हो जाता है। इसके बाद इसे गांव-गांव में भेजकर बिकवाई जाती है।
दरोगा बन जाता था तस्कर
पुलिस के अनुसार आरोपी राकेश ने बाकायदा यूपी पुलिस के दरोगा का फर्जी पहचान पत्र बनवा रखा है। वह अपने को थानाध्यक्ष बताकर लोगाें पर रौब भी झाड़ता था। पुलिस ने उसके खिलाफ धोखाधड़ी का भी मुकदमा दर्ज करवाया है।
एसपी बोले हर कारोबारी पर होगी कार्रवाई
एसपी बबलू कुमार ने बताया कि आरोपियाें ने जिले में शराब तस्करी में लिप्त तस्कराें के नामों का खुलासा किया है। उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस उनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की भी कार्रवाई करेगी। जिले में अवैध शराब के कारोबार को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।