कालपी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सिकरी रहमानपुर की मूल निवासी सुमन पत्नी कमलेश कस्बे के मोहल्ला मदारपुर व्यास मंदिर के पास रहती है। शनिवार देर शाम वह रेलवे स्टेशन से घर आ रही थी। वह जैसे ही मोहल्ला गणेशजी स्थित गणेश मंदिर के पास पहुंची तभी एक बाइक सवार युवक उसके पास आकर रुका और एक व्यक्ति का नाम पता पूछने लगा। उसने सुमन को अपनी बातों में उलझा लिया और उसका ध्यान हटते ही बैग छीन कर भाग निकला।
यह देखकर सुमन ने शोर मचा दिया। जब तक आस पास मौजूद लोग दौड़कर आए वह बाइक सवार भाग चुका था। सुमन ने लोगों को अपने साथ हुई लूट की बात बताई। इसके बाद वह कोतवाली पहुंची और तहरीर दी। उसने बताया कि बैग में सोने का एक मंगलसूत्र, बाले व 4400 रुपये नगद थे। वहीं कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामला लूट का नहीं बल्कि टप्पेबाजी का है। फिर भी मामले की जांच की जा रही है।