कोंच से पिंडारी मार्ग पर घुसिया के नहर पुल के पास एक तेज रफ्तार बाइक
गुरुवार की रात अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। इससे बाइक सवार एक युवक
की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। हादसे में युवक के सिर में चोट गहरी
लगी और वह काफी देर तक पानी के भीतर ही पड़ा रहा। इससे उसकी मौत हुई है।
वहीं, दूसरे व्यक्ति ने घटना की सूचना कोतवाली
में दी। पुलिस फायर ब्रिगेड
के साथ पहुंची। काफी मशक्कत के बाद युवक की लाश पानी से बाहर निकाली जा
सकी। मृतक के पिता ने बेटे की हत्या की आशंका जताई है। गुरुवार देर रात
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चंदुर्रा निवासी रघुराज सिंह निरंजन (35) गांव के
ही निवासी नारायणदास (55) पुत्र मसल्ती अहिरवार के साथ खेती किसानी के काम
से कोंच आये थे। रात तकरीबन
11 बजे वे अपनी बाइक से गांव की ओर जा रहे थे।
रास्ते में ग्राम ग्राम घुसिया से पहले नहर पुल के पास उनकी बाइक
अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। इससे दोनों लोग नहर में जा गिरे।
नारायणदास चुटहिल होने के बावजूद किसी तरह बाहर निकल आए जबकि रघुराज का पता
नहीं चला। नारायणदास ने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे
सुरही
चौकी इंचार्ज दिनेश यादव, एसआई सलमानअली आदि ने भी रघुराज को नहर से
फायर बिग्रेड की मदद से निकलवाया पर तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। कोतवाल
रूद्रकुमार सिंह ने भी घटनास्थल का जायजा लिया है। शव का पंचायतनामा भर कर
पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
इधर, मृतक रघुराज के पिता मंगल
सिंह ने इस घटना को दुर्घटना मानने से इंकार करते हुए हत्या की आशंका जताई
है। पुलिस के अनुसार अभी तक मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने
पर कार्रवाई की जाएगी।