बैंक से रुपये निकाल कर बाइक से मां के साथ घर जा रहे युवक को बाइक सवार तीन लुटेरों ने लूट लिया। बाइक में पीछे बैठी मां ने लुटेरों से बैग बचाया, लेकिन लुट्रेरों ने चलती बाइक के बगल से बाइक लगाकर महिला को गिरा दिया और उसके हाथ से रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। घायल मां को बेटे ने अस्पताल में भर्ती कराया और पुलिस को सूचना देकर थाने में तहरीर दी। सरेआम हुई इस घटना
से लोग काफी आक्रोशित हैं। माधौगढ़ थाना क्षेत्र के गांव कुटरा निवासी वीरभद्र सिंह अपनी मां रामसखी को लेकर दोपहर 3 बजे माधौगढ़ स्थित इलाहाबाद बैंक शाखा आए थे। वहां पर उन्होंने मां रामसखी के खाते से डेढ़ लाख रुपये निकाले और बैग में रुपये रख कर बाइक से गांव को चल दिए। देर शाम करीब 7 बजे जब वह कुरौती के पास पहुंचा तो तीन बाइक सवार लुटेरों ने बगल से बाइक लगाकर रुपये छीनने
का प्रयास किया। पीछे बैठी मां ने बैग नहीं छो़ड़ा तो लुटेरों ने उसे धक्का देकर गिरा दिया और बैग छीन कर भाग निकले। बेटे ने ग्रामीणों की मदद से मां को सीएचसी में भर्ती कराया और मामले की तहरीर थाना पुलिस को दी। पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है।