जालौन। शराब के नशे में धुत एक युवक ने घर के बाहर खेल रहे मासूम बालक के साथ कुकर्म कर डाला। पड़ोसियों के देख लेने पर उसने खुद को कमरे में बंद कर आग लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोतवाली में बंद कर दिया। पीड़ित पिता ने थाने में तहरीर दी है।
नगर में एक छह वर्षीय बालक घर के बाहर खेल रहा था। तभी पड़ोस में रहने वाला रमेश पुत्र छदामीलाल वहां शराब के नशे में आया। वह मासूम बालक को उठाकर अपने घर ले गया और वहां उसके साथ कुकर्म कर डाला। मासूम की चीख सुनकर आसपास के पड़ोसी दौड़ कर आए। उन्होंने रमेश की इस हरकत को देखकर शोर मचाना शुरू कर दिया। कुछ ही देर में मोहल्ले की भीड़ उसके घर के बाहर एकत्र हो गई। किसी तरह मासूम भाग कर बाहर आ गया। लोगों को गुस्से में देखकर रमेश ने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और कमरे में जाकर खुद के ऊपर मिट्टी का तेल डालकर आग लगाने लगा। इसी बीच मोहल्लेवालों ने पुलिस को सूचना दी। वहां पहुंची पुलिस ने किसी तरह दरवाजा तोड़कर केरोसिन से भीगे रमेश को हिरासत में ले लिया और उसे पकड़ कर कोतवाली ले आई। वहीं मासूम के पिता ने कोतवाली में बेटे के साथ कुकर्म की तहरीर दी है।