कुठौंद (जालौन)। युवक के साथ बाइक सवार तीन लोगों ने किसी बात पर मारपीट कर दी तो युवक ने पुलिस को 50 हजार लूट की सूचना कर दी। जब पुलिस मौके पर पहुुंची तो पता चला कि मामला मारपीट का है। थाना प्रभारी दीपक मिश्रा बोले कि दो पक्षों में सिर्फ मारपीट हुई है, लूट की बात गलत है।
कुठौंद थाना क्षेत्र के जालौन-औैरैया मार्ग पर नहर कोठी के पास सोमवार की दोपहर टिकरी मुस्तिकल, सिरसाकलार निवासी लवकुश पुत्र मुरलीधर की बाइक सवार तीन युवकों ने पिटाई कर दी। लवकुश ने पुलिस को सूचना कर दी कि उसने कुठौंद में बैंक से 50 हजार रुपये निकाले थे, जो तीन युवकों ने लूट लिए।
लूट की सूचना पाकर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और तब पूछताछ में पता चला कि मामला मारपीट का है। पुलिस लवकुश को थाने ले लाई, जहां उसने स्वीकारा कि उसके साथ लूट नहीं हुई। बल्कि लोहई दिवारा गांव के तीन युवकों ने मारपीट की है। बैंक से निकाले गए रुपये लवकुश के पास ही मिल गए। युवक ने बताया कि मारपीट से बचने के लिए उसने पुलिस को लूट की झूठी सूचना दी थी। पूछताछ के बाद पुलिस ने युवक को छोड़ दिया।