जालौन। संदिग्ध हालात में बुधवार को हुई अधेड़ की मौत के मामले में पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट को लेकर पशोपेश में है। अब पुलिस एक्सपर्ट टीम एवं उच्चाधिकारियों से सलाह मशविरा के बाद मौत के सही कारण का पता लगाएगी। घटना के दूसरे दिन भी परिजनों ने कोतवाली में तहरीर नहीं दी है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शाहगंज निवासी नासिर (40) पुत्र समसुद्दीन मंगलवार की रात अपने घर के आंगन में टिन शेड के नीचे सो रहा था। पुत्र समीर के अनुसार रात में करीब ढाई बजे उसके पिता की चीख सुनाई दी। इसके बाद जब वह व परिजन पिता के पास पहुंचे तो पिता के नाक व कान से खून निकल रहा था। साथ ही गले में भी काले निशान थे। परिजन उसे सीएचसी ले गए।
जहां डॉक्टरों ने नासिर को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर एसपी डॉ. अरविंद चतुर्वेदी, स्वॉट टीम, फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट टीम सहित सीओ संजय कुमार शर्मा व कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। जहां उन्होंने परिजनों एवं पड़ोसियों से घटना के संबंध में जानकारी ली।
कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट कुछ ऐसी है कि मौत का सही कारण स्पष्ट नहीं हो रहा है। जिसके चलते अब मौत की सही वजह के जानने के लिए एक्सपर्ट की मदद लेने के साथ ही उच्चाधिकारियों से भी सलाह मशविरा किया जाएगा। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि अभी तक घटना के संबंध में परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।